सरायकेला: कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर बड़ा जुरिया स्थित रंकणी ढाबा के समीप सड़क की जर्जर स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। सड़क के बीचों-बीच बने बड़े-बड़े गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब कोई दुर्घटना न होती हो।


बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। खासकर दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों के कारण अक्सर दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी शक्ति पद महतो ने बताया कि सड़क की यह स्थिति कई महीनों से बनी हुई है। रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

