गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बालू भंडारण को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेसिक स्कूल के समीप स्थित एक निजी परिसर में लगातार बालू जमा किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारी वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू की ढुलाई की जा रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में परेशानी बढ़ गई है।


स्थानीय निवासियों के अनुसार, भंडारण स्थल पर जगह की कमी के कारण अब मुख्य सड़क के किनारे भी बालू गिराई जा रही है। गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से रेलवे स्टेशन तक कई स्थानों पर सड़क पर फैली बालू राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि मानसून अवधि में बालू खनन पर प्रतिबंध के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में ताजी और गीली बालू कहां से लाई जा रही है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, बालू के स्रोत की जानकारी सार्वजनिक करने, परिवहन एवं भंडारण की वैधता की जांच करने तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

