अमरप्रीत सिंह काले ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की, कहा- हरिनाम संकीर्तन से मिलता है असीम आनंद और सकारात्मक ऊर्जा

Spread the love

जमशेदपुर: बारीडीह स्थित विद्यापति नगर लोहरा बस्ती में श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी के तत्वावधान में आयोजित भव्य हरिनाम संकीर्तनकार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के नाम का संकीर्तन किया और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की।

संकीर्तन के दौरान पूरा क्षेत्र हरिनाम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों और कीर्तन में भाव-विभोर होकर शामिल हुए। इस अवसर पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के श्रीचरणों में नमन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हरि के नाम के स्मरण और गुणगान से असीम आनंद, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी, आयोजकों और सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।