जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर की पीएचडी शोधार्थी प्रीति कुंडू को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए प्रतिष्ठित “डॉ. जयश्री कुलकर्णी अवार्ड फॉर आउटस्टैंडिंग पेपर इन द डिज़ाइन एंड एप्लीकेशन ऑफ वेयरेबल एंटेना” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हैदराबाद के बीवीआरआईटी नरसापुर में 10 से 13 जून 2026 तक आयोजित 5वें IEEE वायरलेस, एंटेना एंड माइक्रोवेव सिम्पोजियम (WAMS 2026) के दौरान प्रदान किया गया।


प्रीति कुंडू ने यह उपलब्धि अपने शोध पत्र “An Ultra-Compact Flexible Wideband Antenna for Wearable Body Area Network Applications” (पेपर आईडी #793) के माध्यम से हासिल की। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 10 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
वे एनआईटी जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियंत्रण विभाग में डॉ. सुरजीत कुंडू के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उनका शोध क्षेत्र वाइडबैंड वेयरेबल एवं बायोमेडिकल एंटेना है, जिसका उपयोग स्वास्थ्य निगरानी और अगली पीढ़ी की वायरलेस संचार प्रणालियों में किया जाता है।
प्रीति वर्तमान में मैरीलैंड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गलूडीह में सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं। इस उपलब्धि पर उनके शोध निर्देशक डॉ. सुरजीत कुंडू ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि एनआईटी जमशेदपुर और मैरीलैंड इंस्टीट्यूट के लिए गर्व का विषय है।

