पटना :पटना जिले के मसौढ़ी क्षेत्र में हुए पुलिस एनकाउंटर में घायल हुए पुलिसकर्मियों का हाल जानने के लिए केंद्रीय रेंज के आईजी जितेंद्र राणा शनिवार को एम्स पटना पहुंचे। उन्होंने इलाजरत अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से भी उपचार की प्रगति पर चर्चा की।मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मनीचक गांव में अपहृत युवक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मारा गया, जबकि अतिरिक्त थानाध्यक्ष राहुल कुमार के पैर में और एएसआई संजय के हाथ में गोली लगी थी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है.आईजी जितेंद्र राणा ने घायल पुलिसकर्मियों के साहस की सराहना की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।



