ओमान तट के पास डूबने लगा भारतीय जहाज, 14 भारतीय सवार, बचाव अभियान से टला बड़ा हादसा

Spread the love

ओमान : ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाला मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल (MSV) विराट 1 समुद्र में संकट में फंस गया और डूबने की स्थिति में पहुंच गया। अमेरिकी नौसेना से मिली सूचना के अनुसार जहाज पर 14 भारतीय सवार थे। घटना रस अल हद्द से करीब 80 नॉटिकल मील दूर 14 जून को हुई, जिसके बाद भारतीय नौसेना के जहाजों को तत्काल मौके की ओर रवाना किया गया।

अमेरिकी नौसेना के P-8 विमान ने समुद्र में एक लाइफ राफ्ट गिराया और चालक दल को उस पर सुरक्षित चढ़ते हुए देखा। बाद में मिली जानकारी के अनुसार सभी 14 भारतीय लाइफ राफ्ट पर सुरक्षित पहुंच गए। सोहर से मुंबई जा रहे सेंट किट्स एंड नेविस ध्वज वाले मालवाहक जहाज MV Jabal Ali 9 को भी सहायता के लिए घटनास्थल की ओर भेजा गया।

ओमान में भारतीय दूतावास ने बताया कि जहाज में इंजन फेल होने के बाद यह स्थिति बनी। ओमानी अधिकारियों और आसपास मौजूद जहाजों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया। दूतावास के अनुसार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।