औरंगाबाद : स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लक्ष्य को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नामांकन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जिले के 54 प्रधानाध्यापकों के तीन दिनों का वेतन काटने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही 261 प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।


विभागीय समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई विद्यालयों में नामांकन की प्रगति संतोषजनक नहीं रही। इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नामांकन अभियान को सफल बनाने में किसी भी स्तर की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जिन प्रधानाध्यापकों से जवाब मांगा गया है, उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

