कदमा में टाटा स्टील क्वार्टर पर बवाल, ट्रैफिक एएसआई पर अवैध कब्जे का आरोप; बेदखली कार्रवाई के दौरान हंगामा

Spread the love

जमशेदपुर: कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या L5-55 को खाली कराने पहुंची टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम को शुक्रवार को भारी विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कंपनी अधिकारियों और क्वार्टर में रह रहे परिवार के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कंपनी का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस में पदस्थापित एएसआई अमरेश कुमार सिंह पिछले करीब ढाई वर्षों से क्वार्टर का ताला तोड़कर अवैध रूप से उसमें रह रहे हैं। टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी की संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, संबंधित क्वार्टर को पहले ही खाली घोषित कर बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद कथित रूप से चोरी के माध्यम से बिजली और पानी का उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ। अधिकारियों ने दावा किया कि कई बार मौखिक रूप से क्वार्टर खाली करने को कहा गया और लिखित नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया।

शुक्रवार को जब टीम क्वार्टर खाली कराने पहुंची तो विरोध शुरू हो गया। कंपनी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी द्वारा टीम के साथ बहस और दबाव बनाने की कोशिश की गई।

वहीं, एएसआई अमरेश कुमार सिंह और उनके परिजनों ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार का कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है और वे क्वार्टर खाली नहीं करेंगे।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। टाटा स्टील यूआईएसएल ने बताया कि मामले की लिखित सूचना पहले ही संबंधित थाने को दी जा चुकी है। कंपनी का कहना है कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कब्जा हटाने और क्वार्टर को सील करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।