आदित्यपुर/चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में लंबे समय से प्रस्तावित महिला थाना को जल्द शुरू कराने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इस संबंध में उन्होंने लंबित फाइलों की समीक्षा कर आवश्यक अनुमोदन के लिए पत्राचार प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।


शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित एसपी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में एसपी ने बताया कि प्रस्तावित महिला थाना का संचालन चांडिल थाना परिसर से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में गृह विभाग द्वारा महिला थाना की स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी, लेकिन विभिन्न प्रशासनिक कारणों से इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया। अब इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निपटारे के लिए महिला थाना की स्थापना बेहद जरूरी है। इससे महिलाओं को न्याय और पुलिस सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी तथा महिला सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस दौरान जियाडा भवन स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। एसपी ने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों के शीघ्र निष्पादन का आदेश दिया।
वहीं, एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गांव-गांव जाकर लोगों को कानूनी अधिकारों, नशे के दुष्प्रभावों तथा अंधविश्वास से जुड़ी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूक किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

