सियाचिन बॉर्डर से उठी पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग, बाइक राइडर हरप्रीत सिंह ने पीएम से की अपील

Spread the love

कोलकाता/लद्दाख: पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर एक अनोखी पहल सामने आई है। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी और जमशेदपुर स्थित साईं इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत बाइक राइडर हरप्रीत सिंह ने सियाचिन बॉर्डर से देश के पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर आवाज बुलंद की है।

हरप्रीत सिंह 7 जून 2026 को मोटरसाइकिल से अपनी विशेष यात्रा पर निकले थे। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, नई दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर होते हुए 12 दिनों की यात्रा के बाद वे लेह पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लगभग 19,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित सियाचिन बॉर्डर से प्रधानमंत्री के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया।

अपने संदेश में हरप्रीत सिंह ने देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत की प्रेस स्वतंत्रता रैंकिंग को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में देश की स्थिति चिंताजनक है।

जानकारी के अनुसार हरप्रीत सिंह अपनी यात्रा आगे भी जारी रखेंगे और लगभग 21,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर संगठन का प्रतीक चिन्ह फहराने का लक्ष्य रखते हैं।

इस पहल की सराहना करते हुए ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपाली मनोहर, सलाहकार हरमिंदर सिंह तथा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नरेश श्रीवास्तव ने हरप्रीत सिंह के साहस और समर्थन भावना को सलाम किया। संगठन ने उनके लौटने पर सम्मानित करने की भी घोषणा की है।