आरएसएस कार्यालय पेट्रोल बम कांड में ATS की बड़ी कार्रवाई, लोहरदगा में आरोपियों के घर छापेमारी

Spread the love

लोहरदगा/रांची: रांची के निरवनपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने के मामले की जांच तेज करते हुए एटीएस (ATS) की टीम ने शनिवार सुबह लोहरदगा में छापेमारी की। सदर थाना क्षेत्र के राहत नगर और न्यू आजाद बस्ती स्थित आरोपी अमन अंसारी और सैफ अंसारी के घरों में लंबा सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

छापेमारी के दौरान एटीएस अधिकारियों ने दोनों आरोपियों के घरों में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामानों की गहन जांच की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या बरामद हुआ है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

परिजनों के अनुसार अमन अंसारी और सैफ अंसारी नशे की लत से पीड़ित थे और दोनों का इलाज रांची स्थित सीआईपी (Central Institute of Psychiatry) में भी चल रहा था। आरोपियों की मां ने दावा किया कि नशे की वजह से उनके बच्चों की समस्याएं बढ़ गई थीं।

वहीं परिवार के सदस्यों ने दोनों युवकों को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उनके बच्चों को इस मामले में फंसाया गया है।

गौरतलब है कि रांची के आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार जांच में जुटी हैं। एटीएस की यह कार्रवाई उसी जांच का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं।