सरायकेला: वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और किसानों को संस्थागत ऋण सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से पंडरा पंचायत में ऋण वसूली, ऋण समझौता एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदन सृजन को लेकर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण एवं लाभुक शामिल हुए और विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


कार्यक्रम के दौरान बैंक के बकाया ऋणों के निपटारे, ऋण समझौता प्रक्रिया तथा पात्र किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। इच्छुक किसानों से मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए गए तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) वरुण कुमार चौधरी ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों से समय पर ऋण चुकाने, बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा कृषि कार्यों के लिए संस्थागत ऋण का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों को कम ब्याज दर पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है, जिससे वे साहूकारों के चंगुल से बचकर अपनी खेती को बेहतर बना सकते हैं।
शिविर में मुख्य प्रबंधक (एआरडी) संजय कुमार, बैंक ऑफ इंडिया सरायकेला शाखा के शाखा प्रबंधक, पंडरा पंचायत की मुखिया गीता कुमारी सहित बैंक के अन्य प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस पहल की सराहना की।

