सरायकेला के डोबो ईंट भट्ठा के पास नदी में डूबने से युवक की मौत, खोजबीन के बाद शव बरामद

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो ईंट भट्ठा के समीप नदी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक की पहचान आमबागान (मांगो) आजाद बस्ती निवासी शेख सलमान हुसैन के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान अपने दो दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपने दोस्तों के साथ सामान्य रूप से स्नान कर रहा था, लेकिन अचानक गहरे पानी में जाने के कारण हादसा हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा लोगों से नदी और जलाशयों में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।