खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शनिवार तड़के कर्रा प्रखंड के चिड़ी गांव स्थित कोन्हप्पा टोला में हाथियों के एक झुंड ने किसान लक्ष्मण उरांव की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल है।


ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब तीन बजे हाथियों का झुंड गांव के समीप पहुंचा। किसान लक्ष्मण उरांव ने सड़क किनारे धान का ढेर रखा हुआ था। हाथियों ने वहां पहुंचकर करीब पांच क्विंटल धान खा लिया, जबकि शेष धान को बिखेरकर नष्ट कर दिया। रात में कुत्तों के लगातार भौंकने से लोगों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई, लेकिन हाथियों के डर से कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
सुबह होने पर जब ग्रामीण बाहर निकले तो खेत और धान की स्थिति देखकर हैरान रह गए। इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इस तरह की घटनाएं उनकी मुश्किलें बढ़ा रही हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने, समय पर सूचना देने तथा प्रभावित किसान को मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।

