Jamshedpur News: जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र की 27 वर्षीय महिला ने कपाली निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने उलीडीह ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, पति से अलगाव के बाद करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पहचान कपाली निवासी आमिर अंसारी से हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि संबंध के दौरान वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसका गर्भपात कराया। महिला का कहना है कि जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उसे अपने घर ले गया और परिवार से भी मिलवाया। उस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी शादी कराने का आश्वासन दिया था।
महिला के अनुसार, बाद में युवक उससे दूरी बनाने लगा। जब वह उसके घर पहुंची तो परिवार के लोगों ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार कर उसे वहां से भगा दिया। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया, जिसमें उनके संबंधों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे। महिला ने पुलिस से धोखाधड़ी, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अन्य आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

