Ranchi News: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को रांची सहित देशभर के परीक्षा केंद्रों पर मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन, परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।


रविवार को रांची के 21 परीक्षा केंद्रों पर NEET UG-2026 आयोजित होगी। इनमें प्रमुख रूप से मारवाड़ी कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, धुर्वा और नामकुम, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली तथा उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी। इसे देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।
यह आदेश 21 जून को दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, किसी प्रकार की सभा या प्रदर्शन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि सरकारी कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अव्यवस्था को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है। मॉक ड्रिल के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, ताकि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।

