Ranchi Crime News: रांची पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, मास्टर चाबी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी झारखंड के विभिन्न जिलों से बाइक चोरी कर उन्हें बिहार के गया क्षेत्र में बेचने का काम करते थे।


जानकारी के अनुसार, सिकिदिरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर तेजी से ओरमांझी की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना की गश्ती टीम ने भी जांच अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक पर आते दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। इसी दौरान सिकिदिरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बिहार निवासी सिंधु कुमार और अनीकेत कुमार के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी के दौरान उनके बैग से मास्टर चाबी, प्लग रिंच, स्क्रूड्राइवर और एक खुली नंबर प्लेट बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी मास्टर चाबी की मदद से कुछ ही मिनटों में विभिन्न कंपनियों की बाइक का लॉक खोल लेते थे।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रांची, रामगढ़, बोकारो समेत कई जिलों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद इंजन और चेसिस नंबर में हेरफेर कर फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे और फिर वाहनों को बिहार के गया इलाके में बेच दिया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विकास कुमार नामक एक अन्य आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से पांच चोरी की बाइक बरामद की गईं। पुलिस ने विकास कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
रांची पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और झारखंड के कई जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

