गुमला: झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकोई पंचायत के करिडा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक वृद्ध पिता पर अपने ही बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। शनिवार तड़के हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


मृतक की पहचान 46 वर्षीय रमेश केरकेट्टा के रूप में हुई है। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार रमेश लंबे समय से शराब का सेवन करता था और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था। बताया जा रहा है कि वह बेरोजगार था, जिसके कारण परिवार में तनाव बना रहता था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात भी पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और शनिवार तड़के हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता अरुण लोहरा (66) ने अपने बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी पिता ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह बेटे की आदतों और लगातार होने वाले विवादों से लंबे समय से परेशान था।
घटना की खबर फैलते ही पूरे करिडा गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। आरोपी अरुण लोहरा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

