सरायकेला: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो इलाके में शनिवार शाम एक टेंपो सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में टेंपो पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है।


घायलों की पहचान सोनारी निवासी सुविता प्रमाणिक (27) और सीमा प्रमाणिक (30) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें हैं और अपने भाई बुधेश्वर प्रमाणिक के साथ फदलोगोड़ा स्थित एक निजी परियोजना में मजदूरी का काम करती हैं। शनिवार को काम खत्म कर सभी टेंपो से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदे गए हिस्से में पानी भर गया था, जिससे चालक गड्ढे का अनुमान नहीं लगा सका। टेंपो का पहिया जैसे ही पानी से भरे गड्ढे में उतरा, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। बारिश और ठंड के कारण उनकी स्थिति बिगड़ रही थी, लेकिन अस्पताल में प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता मिलने के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि खुदाई वाले स्थानों पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निर्माणाधीन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

