सागवान पेड़ की डाल काटने को लेकर विवाद, टांगी हमले में चचेरा भाई गंभीर घायल

Spread the love

लातेहार: जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लुहुर गांव में सागवान के पेड़ की डाल काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नरेश भुइयां के घर परिसर में लगे सागवान के पेड़ की डाल काटी जा रही थी। आरोप है कि उनके चचेरे भाई राजबली भुइयां और उनके पुत्र राजेंद्र भुइयां पेड़ की छंटाई कर रहे थे। इस पर नरेश भुइयां ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान राजबली भुइयां ने टांगी से नरेश भुइयां पर हमला कर दिया। हमले में नरेश के गर्दन और सीने में गंभीर चोटें आईं। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे राजेंद्र भुइयां के हाथ में भी टांगी लगने से वह घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नरेश भुइयां की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।