रांची: झारखंड होम डिफेंस कोर, रांची द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत शहरी तकनीकी दक्ष पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। शारीरिक परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं तकनीकी ट्रेड परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब अपने मूल प्रमाण-पत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के आदेश से गठित समिति के समक्ष अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी और उन्हें दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा, जांच के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा फर्जी या अवैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
सत्यापन स्थल और समय
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया झारखंड होम डिफेंस कोर, धुर्वा, रांची स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई) परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
ट्रेडवार सत्यापन कार्यक्रम
23 जून 2026 (पुरुष अभ्यर्थी):
आईटीआई उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों की जांच की जाएगी।
24 जून 2026 (पुरुष अभ्यर्थी):
कंप्यूटर एवं इंजीनियर ट्रेड के पुरुष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन होगा।
25 जून 2026 (पुरुष अभ्यर्थी):
रसोइया, दर्जी, माली, नाई, धोबी, बढ़ई, पेंटर, झाड़ूकर्मी, योग प्रशिक्षक, नर्स, चालक, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर सहित अन्य ट्रेडों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
27 जून 2026 (महिला अभ्यर्थी):
सभी ट्रेड की महिला अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी सफल अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें।

