घाटशिला: घाटशिला थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी काशीदा में 55 वर्षीय उमा गोस्वामी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके 34 वर्षीय बेटे गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।


पुलिस का कहना है कि गोवर्धन शराब पीकर घर आता था और अपनी मां से रुपये मांगता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गोवर्धन ने अपनी मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने शव को कमरे में छोड़ दिया और दूसरे कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर घर से निकल गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से घर के दूसरे कमरे में सो रहा था और बाहर से खाना लाकर घर की छत पर सो जाता था।
21 सितंबर की रात बेटी की सूचना पर परिजन घाटशिला पहुंचे। घर का दरवाजा खोलने पर कमरे से दुर्गंध आने के बाद उमा गोस्वामी का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का कुंदा बरामद किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

