रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित धुनकी रूफटॉप बार में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार को बंद करा दिया। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि बार में निर्धारित समय सीमा के बाद भी तेज ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।


शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बार में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद मिले। पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग जल्दबाजी में अपने वाहनों से वहां से निकल गए।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि धुनकी रूफटॉप बार के खिलाफ पहले भी कई बार देर रात तक संचालन और तेज आवाज में संगीत बजाने की शिकायतें की जा चुकी हैं। लोगों का कहना है कि बार की गतिविधियों के कारण क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ता है।
गौरतलब है कि झारखंड हाईकोर्ट ने भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं। न्यायालय ने आदेशों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। यदि बार प्रबंधन द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।

