नीलांचल कंपनी लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Spread the love

सरायकेला जिले के कांड्रा थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के चर्चित नीलांचल कंपनी लूटकांड मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमर प्रमाणिक उर्फ प्रेमराज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में नीलांचल कंपनी में हुई लूट की घटना में अमर प्रमाणिक की संलिप्तता सामने आई थी। मामले में उसे पहले भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि जेल से रिहा होने के बाद वह लगातार न्यायालय में निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था।

आरोपी की लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट के आधार पर कांड्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि लंबित मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।