रांची में टेंपो चालक से लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, जेवर और मोबाइल बरामद

Spread the love

रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में टेंपो चालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की ज्वेलरी, चोरी किया गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 20 जून को धुर्वा सेक्टर-1 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप रहने वाले श्याम सुंदर कुमार ने डोरंडा थाना में टेंपो रोककर लूटपाट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी डोरंडा के लाइन मोहल्ला स्थित एक घर में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद नवेद राजा के घर पर छापेमारी की, जहां से मोहम्मद नवेद राजा और अरमान अंसारी उर्फ अरमान को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान अरमान अंसारी के पास से इनफिनिक्स कंपनी का चोरी किया गया मोबाइल फोन और लूट की घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं मोहम्मद नवेद राजा के घर से लूटी गई चांदी की ज्वेलरी भी बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।