जामताड़ा सदर अस्पताल से एक मरीज के अचानक लापता होने के बाद अस्पताल प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया है। लापता मरीज की पहचान देवघर जिले के कोरोन क्षेत्र निवासी अशोक चक्रवर्ती के रूप में हुई है, जिन्हें 19 जून को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।


मरीज की पत्नी भी अस्पताल में उनके साथ मौजूद थीं। सोमवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो पति बिस्तर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में अशोक चक्रवर्ती सोमवार तड़के करीब 3:06 बजे पुरुष वार्ड से बाहर निकलते दिखाई दिए। इसके बाद वे अस्पताल के पोर्टिको में कुछ देर बैठे और फिर मुख्य परिसर से बाहर जाते नजर आए।
परिजनों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी। इसी वजह से परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दी जा रही है और जल्द ही लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। अस्पताल प्रशासन, परिजन और स्थानीय लोग मरीज की तलाश में जुटे हुए हैं।

