जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित घोड़ाबांधा नया रोड पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 43 वर्षीय सुखदेव गोराई के रूप में हुई है, जबकि घायल 62 वर्षीय कालिदास राजुआड़ का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है।


जानकारी के अनुसार सुखदेव गोराई अपने साथी कालिदास राजुआड़ के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुखदेव गोराई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कालिदास राजुआड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कड़े सुरक्षा उपायों की मांग की है।

