पीजीआई रिपोर्ट में पलामू की बड़ी छलांग, शिक्षा गुणवत्ता में सुधरी रैंकिंग

Spread the love

पलामू: शिक्षा के क्षेत्र में पलामू जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2024-25 रिपोर्ट में जिले की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है। पलामू ने प्रचेष्टा-3 (31-40 प्रतिशत) श्रेणी से आगे बढ़ते हुए प्रचेष्टा-2 (41-50 प्रतिशत) श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है।

रिपोर्ट के अनुसार झारखंड राज्य के प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है। राज्य का कुल स्कोर 502.2 से बढ़कर 531.1 हो गया है, जिसके साथ झारखंड एस्पिरेशनल-2 श्रेणी से एस्पिरेशनल-1 श्रेणी में पहुंच गया है। पलामू के अलावा देवघर, रांची, सरायकेला-खरसावां, दुमका, जामताड़ा, लातेहार और गुमला जिलों ने भी अपनी ग्रेडिंग में सुधार दर्ज किया है।

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने कहा कि पलामू ने एक पूर्ण ग्रेड सुधार हासिल किया है। उन्होंने बताया कि अगले दो वर्षों में जिले को सर्वोत्तम श्रेणी में पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए छात्रों के सीखने के स्तर में सुधार, नियमित शैक्षणिक मॉनिटरिंग और विद्यालयों की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिक्षा विभाग का कहना है कि आने वाले वर्षों में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने, लर्निंग आउटकम बेहतर करने तथा प्रभावी निगरानी प्रणाली लागू करने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।