जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार को 16वें साईं महोत्सव और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह के जन्मदिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से जुड़े सभी शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों के पदाधिकारी, डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत शिरडी साईं बाबा की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं भजन संध्या से हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन में कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने परिवार के साथ पूजा में भाग लिया तथा सभी के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के बाद उपस्थित लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इसके पश्चात कुलाधिपति मदन मोहन सिंह का जन्मदिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, डॉक्टरों और शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने शिक्षकों, डॉक्टरों और कर्मचारियों के सहयोग को संस्थान की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि कुलाधिपति के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया तथा सभी ने उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

