सरायकेला: वैली व्यू स्कूल के लिए मंगलवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र श्रीमन चंद्रा ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) के दूसरे चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड रैंक 59 और जोनल रैंक-2 प्राप्त कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एसओएफ दुनिया के सबसे बड़े ओलंपियाड आयोजनों में से एक है, जिसमें विश्वभर के लाखों विद्यार्थी भाग लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में श्रीमन चंद्रा द्वारा वर्ल्ड रैंक 59 और जोनल स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 2500 रुपये नकद पुरस्कार और टॉप रैंकर मेडल से भी सम्मानित किया गया है।
विद्यालय की प्राचार्य मिक्की सिंह ने श्रीमन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल एवं ओलंपियाड प्रभारी डॉ. जे.के. पांडेय ने बताया कि श्रीमन बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने हाल ही में जेईई एडवांस परीक्षा में लगभग 11 हजार रैंक हासिल कर आईआईटी मंडी में भी स्थान सुनिश्चित किया है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि ऐसे ओलंपियाड विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 85 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया है, जो स्कूल के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय परिवार ने श्रीमन चंद्रा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

