झारखंड सरकार 87 बोर्ड टॉपर्स को करेगी सम्मानित, नकद पुरस्कार के साथ लैपटॉप और स्मार्टफोन भी मिलेंगे

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार इस वर्ष राज्य के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के कुल 87 राज्य स्तरीय टॉपर्स को सम्मानित करेगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड में राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जुलाई में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियां स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुरू कर दी हैं।

सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये का चेक, एक लैपटॉप, एक स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को दो लाख रुपये, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र मिलेगा, जबकि तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष सबसे अधिक 31 टॉपर्स आईसीएसई बोर्ड से सम्मानित होंगे। इनमें 10वीं कक्षा के 14 और 12वीं के 17 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं सीबीएसई बोर्ड से कुल 25 टॉपर्स को सम्मान मिलेगा, जिनमें 10वीं के 9 तथा 12वीं के विभिन्न संकायों के 16 विद्यार्थी शामिल हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से कुल 22 टॉपर्स सम्मानित होंगे, जिनमें 12 मैट्रिक और 10 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी शामिल हैं।

विभाग के अनुसार, जेएसी मैट्रिक परीक्षा में कई विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से शीर्ष तीन स्थान हासिल किए हैं। वहीं सीबीएसई 10वीं के राज्य टॉपर्स की अंतिम सूची अभी प्राप्त नहीं हुई है। विभाग ने इस संबंध में सीबीएसई को पत्र भेजा है। पुनर्परीक्षा का परिणाम आने के बाद सीबीएसई के राज्य टॉपर्स की संख्या में बदलाव संभव है।

News Bharat 20