रांची: झारखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में आयोजित समारोह में 1,042 चयनित सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।


स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जिला स्थापना समितियों की अनुशंसा के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस चरण में कक्षा 1 से 5 तक के लिए 274 तथा कक्षा 6 से 8 तक के लिए 768 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इनमें 387 सामाजिक विज्ञान, 231 गणित एवं विज्ञान तथा 150 भाषा विषय के शिक्षक शामिल हैं। जिला स्तर पर सबसे अधिक 123 नियुक्तियां पलामू में होंगी। इसके बाद गिरिडीह में 92, कोडरमा में 81, साहिबगंज में 63, पश्चिमी सिंहभूम में 61, देवघर में 59, दुमका में 54, गोड्डा में 53 और पाकुड़ में 51 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। वहीं रामगढ़ में सबसे कम चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में करीब 26 हजार सहायक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी। अब तक लगभग 12,500 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। 29 जून को होने वाले इस नियुक्ति समारोह के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में सरकार को बड़ी सफलता मिलेगी।

