पश्चिमी सिंहभूम में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 2.41 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की खुराक

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की दूसरी बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि 28 जून 2026 को जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2.41 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 2,329 पोलियो बूथ बनाए गए हैं तथा अभियान की निगरानी के लिए 423 सुपरवाइजरतैनात किए गए हैं। सभी बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मियों को घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने और दूर-दराज व प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने तथा प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ या आंगनबाड़ी केंद्र लेकर अवश्य पहुंचें। उन्होंने कहा कि “हर बार दो बूंद पोलियो की” बच्चों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाती है।