12 साल के मोदी शासन पर JMM का हमला, सुप्रियो भट्टाचार्य बोले- ‘BJP नहीं, भारतीय गबन पार्टी’

Spread the love

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को “भारतीय गबन पार्टी” बताते हुए दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देश में 24 प्रकार के “गबन” हुए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, सार्वजनिक संस्थानों, रोजगार, शिक्षा, कृषि, विदेश नीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

प्रेसवार्ता की शुरुआत में सुप्रियो भट्टाचार्य अपने साथ एक खीरा लेकर पहुंचे। उन्होंने इसे केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के खेत का “90,600 रुपये का खीरा” बताते हुए आरोप लगाया कि एक ओर किसानों को कर्ज और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सत्ता से जुड़े लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसे “किसान गबन” की संज्ञा दी।

उन्होंने नोटबंदी को “करेंसी गबन”, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण को “पीएसयू गबन” तथा बैंकों के विलय और बड़े उद्योगपतियों के ऋण माफ किए जाने को “बैंक गबन” बताया। इसके अलावा जंगल, बंदरगाह, हवाई अड्डे और अन्य सार्वजनिक संसाधनों को निजी हाथों में सौंपने का भी आरोप लगाया।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने रोजगार, शिक्षा, श्रम कानून, विदेश नीति, मणिपुर हिंसा और अन्य मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ तथा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया।

हालांकि, झामुमो नेता द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।