गम्हरिया पीडीएस गोदाम में दाल खराब होने का मामला, जांच और कार्रवाई की उठी मांग

Spread the love

सरायकेला-खरसावां (गम्हरिया): गम्हरिया स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वितरण के लिए रखी गई दाल के कथित रूप से खराब होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उचित रखरखाव के अभाव में लंबे समय तक गोदाम में पड़ी रहने के कारण बड़ी मात्रा में दाल खराब हो गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पीडीएस लाभुकों के लिए आवंटित दाल का समय पर वितरण नहीं किया गया, जिसके कारण यह कई महीनों तक गोदाम में पड़ी रही। आरोप है कि लंबे समय तक भंडारण के चलते दाल वितरण योग्य नहीं रही। लोगों का कहना है कि यह खाद्यान्न गरीब परिवारों के लिए था, लेकिन कथित लापरवाही के कारण न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ बल्कि पात्र लाभुक भी अपने अधिकार से वंचित रह गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट किया जाए कि दाल खराब होने के लिए कौन जिम्मेदार है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।

इस मामले में जब गम्हरिया के मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि खराब हुए खाद्यान्न की जिम्मेदारी किसकी तय होगी, सरकारी नुकसान की भरपाई कैसे होगी और पात्र लाभुकों को वैकल्पिक खाद्यान्न कब उपलब्ध कराया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी है और लोग पारदर्शी जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।