चतरा: झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव की मौत हो गई। वह जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और करीब एक सप्ताह पहले एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव पहुंचे थे।


जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुमार यादव बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के रिम्स रेफर कर दिया।
रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही जवान ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिराजपुर के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे चतरा-सिमरिया मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक जवान के परिजनों को उचित मुआवजा तथा मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क जाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

