सरायकेला: सरायकेला के उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक विजय मिंज के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र के जानबनी गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक अवैध महुआ चुलाई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया गया।


छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ और 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। उत्पाद विभाग ने जब्त सामग्री को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
उत्पाद अधीक्षक विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

