गिरिडीह में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, शव रखकर सड़क जाम; ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप

Spread the love

गिरिडीह: जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में नवविवाहिता रजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, कुरुमडीहा निवासी अबजल अंसारी की पत्नी रजिया खातून की शादी करीब एक माह पहले हुई थी। गुरुवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रजिया का मायका भूचरोबाद (आजाद नगर) में है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और शव का अंतिम संस्कार किया गया।

थाना प्रभारी महेश चंद्र ने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।