गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में शुक्रवार देर रात पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवकों के पास से कुछ आईटी (IT) से संबंधित उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान गुलशन कुमार, सुमित कुमार और ताहिर खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों शिवनारायणपुर में शशि सिंह के किराये के मकान में रह रहे थे।


पुलिस तीनों युवकों को पूछताछ के लिए गम्हरिया थाना ले गई है। बरामद उपकरणों और युवकों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मकान मालिक शशि सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग बिना किसी पूर्व सूचना के उनके घर पहुंचे, ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कार्रवाई की। उनके अनुसार, सुबह उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस उनके किरायेदारों को अपने साथ ले गई है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को कार्रवाई करनी थी तो मकान मालिक को इसकी सूचना दी जानी चाहिए थी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है, इसलिए अचानक हुई इस कार्रवाई पर उन्होंने आपत्ति जताई है।
मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। एसडीपीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद आईटी उपकरणों की जांच की जा रही है और तीनों युवकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

