आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोंडीह गांव निवासी 24 वर्षीय राकेश महतो के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 9 जुलाई 2026 को आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राकेश महतो ने उसके साथ यौन शोषण किया। पीड़िता का दावा है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई और बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़िता और बच्चे दोनों को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस से मदद मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। जांच के बाद गुरुवार को आदित्यपुर पुलिस ने बोंडीह गांव में छापेमारी कर आरोपी राकेश महतो को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

