सरायकेला (संजीव मेहता): जमशेदपुर के कदमा निवासी अंजनी कुमार मिश्रा के पुत्र लक्ष्य मिश्रा की बेंगलुरु स्थित मणिपाल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में हुई मौत का मामला अब राष्ट्रपति सचिवालय तक पहुंच गया है। लक्ष्य के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम याचिका दायर की थी, जिस पर राष्ट्रपति सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए संबंधित प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।


राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा 22 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार, 15 जून 2026 को राष्ट्रपति के नाम प्राप्त याचिका पर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। साथ ही संबंधित प्राधिकरण को निर्देश दिया गया है कि मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी सीधे याचिकाकर्ता को उपलब्ध कराई जाए।
लक्ष्य मिश्रा के पिता अंजनी कुमार मिश्रा का आरोप है कि उनके बेटे की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि रैगिंग के दौरान हुई हत्या का परिणाम है। उनका दावा है कि लक्ष्य को हॉस्टल में प्रताड़ित किया गया और बाद में उसे ऊपर से नीचे फेंक दिया गया।
वहीं, कॉलेज प्रशासन इस घटना को आत्महत्या का मामला बता रहा है। हालांकि, परिजन कॉलेज के इस दावे पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
अब राष्ट्रपति सचिवालय से मामला संबंधित प्राधिकरण को भेजे जाने के बाद परिजनों को उम्मीद जगी है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

