हिमांशु सिंह हत्याकांड: करणी सेना प्रमुख ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और SIT की उठी मांग

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत सोमवार को हरिओम नगर स्थित पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे। हिमांशु के तेरहवीं कार्यक्रम के अवसर पर उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. राज शेखावत ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त होती है, वहां इस तरह की घटना होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

करणी सेना प्रमुख ने कहा कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

उन्होंने पीड़ित परिवार को मामले की सीबीआई जांच की मांग करने की सलाह भी दी। हालांकि, हिमांशु सिंह के पिता ने अब तक पुलिस द्वारा की गई जांच और कार्रवाई पर संतोष जताया। इसके बावजूद उन्होंने जांच की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान करणी सेना के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग का समर्थन किया।