आदित्यपुर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, पुरानी रंजिश में आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, शर्मा बस्ती निवासी 23 वर्षीय निखिल कुमार सोमवार सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकला था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू मकड़ ने कथित तौर पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में निखिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पिंटू प्रधान मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा है। हालांकि, पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पिंटू प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।