आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनारायणपुर में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


मृतक की पहचान शिवनारायणपुर निवासी गौतम मुंडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, झड़प के दौरान गौतम मुंडा ने पहले राहुल कुमार पर चाकू से हमला किया। इसके बाद राहुल कुमार ने कथित तौर पर पत्थर से गौतम मुंडा के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल गौतम को तत्काल गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गौतम मुंडा की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि विवाद कैसे शुरू हुआ और किन परिस्थितियों में हिंसक झड़प हुई। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

