जमशेदपुर: भारत सरकार के गृह मंत्रालय तथा झारखंड के सिविल डिफेंस आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को जमशेदपुर में व्यापक एयर रेड, ब्लैकआउट और सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास बिष्टुपुर स्थित महारानी मेंशन और सर्किट हाउस क्षेत्र में आयोजित किया गया।


मॉक ड्रिल का आयोजन उपायुक्त सह नियंत्रक सिविल डिफेंस राजीव रंजन तथा अनुमंडल पदाधिकारी सह उप नियंत्रक सिविल डिफेंस अर्णव मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। इसका उद्देश्य संभावित हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों का आकलन करना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
अभ्यास के दौरान एयर रेड सायरन बजाने, ब्लैकआउट लागू करने, राहत एवं बचाव कार्य, आपातकालीन प्रतिक्रिया और नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल पूर्व निर्धारित अभ्यास था और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की घबराहट से बचने की अपील की।
इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, अग्निशमन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी तथा अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के नियमित अभ्यास से किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

