मैंगो-उलीडीह में एक ही रात 12 दुकानों में चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने मैंगो और उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने मैंगो और उलीडीह क्षेत्र की कुल 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि को चोरों ने मैंगो और उलीडीह क्षेत्र की कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने उलीडीह क्षेत्र में जगदंबा होटल के पास स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर समेत कई दुकानों को निशाना बनाया। वहीं मैंगो थाना क्षेत्र में वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजलि स्टोर सहित अन्य दुकानों में भी चोरी की गई थी। घटना के बाद दुकानदारों ने संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व तथा डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के पर्यवेक्षण में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उलीडीह थाना क्षेत्र के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर हेंब्रम, मुकदर समद, गौतम हेंब्रम उर्फ दादू और विक्की मुखी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, सब्बल, चेन पुली तथा एक सिलाई मशीन बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शंकर हेंब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है तथा शेष चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।