जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची बाजार में शुक्रवार को एक फल व्यवसायी के कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरे घटनाक्रम के कैद होने का दावा किया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, आमबागान शंकोसाई निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी के फल गोदाम पर पहुंचे मोहम्मद फहीम पर कर्मचारी माधव चातर के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे।
बताया गया कि घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समुदाय से हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारपीट की वजहों का पता लगाया जा रहा है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

