सरायकेला जनता दरबार में जनसमस्याओं की सुनवाई, डीसी ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में सेविका चयन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं संशोधन, वृद्धावस्था पेंशन, पुश्तैनी जमीन की ऑनलाइन एंट्री, भूमि अभिलेखों में सुधार, झूलते बिजली तारों की मरम्मत तथा पेसा मैनुअल से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।