जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की पुत्री एवं आदिवासी नेता दुःखनी सोरेन के काफिले का रविवार को दुमरिया दौरे के दौरान सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, उनका काफिला एक ट्रैक्टर से टकरा गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में दुःखनी सोरेन सहित काफिले में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे काफिले में शामिल एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
प्रारंभिक जांच के बाद दुःखनी सोरेन अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गईं। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट नहीं होने से समर्थकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

