जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित लाइफ लाइन अस्पताल के पास एक छात्रावास में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय छात्रा मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।


मृतका की पहचान ईचागढ़ निवासी नीलम गोराई (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह करीब दो महीने पहले कंप्यूटर कोचिंग के लिए जमशेदपुर आई थी और छात्रावास में रह रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन जमशेदपुर पहुंचे। बेटी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राएं भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

